सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में जिले के समस्त शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन स्कूल शिक्षा विभाग एवं जनजातीय कार्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा एवं विचारों को प्रस्तुत किया। चित्रकला प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों पर अपनी कल्पनाशीलता और कला-कौशल का प्रदर्शन किया, वहीं भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपने विचारों को प्रभावी ढंग से व्यक्त किया।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, अभिव्यक्ति कौशल, आत्मविश्वास एवं सामाजिक सरोकारों के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है। विद्यालयों में आयोजित प्रतियोगिताओं के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों में उत्साह का वातावरण रहा। उक्त जानकारी जिला शिक्षा विभाग द्वारा दी गई।



