मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत जिले के स्व-सहायता समूहों के सदस्यों को वित्तीय साक्षरता एवं सक्षम एप पर प्रविष्टि की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वित्तीय साक्षरता सीआरपी के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में कुल 51 प्रतिभागियों ने सहभागिता की।
प्रशिक्षण में जिला प्रबंधक सूक्ष्म वित्त श्री प्रवीण सोलंकी एवं सहायक विकासखंड प्रबंधक विकासखंड धार श्रीमती आरती चौहान द्वारा प्रतिभागियों को वित्तीय साक्षरता से संबंधित विभिन्न विषयों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षित वित्तीय साक्षरता सीआरपी द्वारा ग्राम स्तर पर स्व-सहायता समूह के सदस्यों को वित्तीय सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी।
प्रशिक्षण के दौरान स्व-सहायता समूह के सदस्यों को नियमित बचत, बैंक खाते खुलवाने, विभिन्न प्रकार के बीमा, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, बैंक में एफडी कराने, बचत के नए तरीकों, डिजिटल लेन-देन तथा नगद रहित व्यवहार सहित विभिन्न वित्तीय विषयों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण को प्रभावी बनाने के लिए पीपीटी, कहानी, समूह चर्चा एवं खेल गतिविधियों का उपयोग किया गया।
कार्यक्रम में श्री बलराम बैरागी, एलडीएम धार द्वारा बैंकिंग एवं कियोस्क के माध्यम से वित्तीय साक्षरता के महत्व पर जानकारी दी गई। इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक की ब्रांच मैनेजर सुश्री कृतिका अरोड़ा द्वारा बैंक की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने डाकघर में खाता खोलने, एफडी कराने, बीमा सेवाओं, अन्य बैंकों से राशि के लेन-देन तथा कियोस्क प्रारंभ करने की प्रक्रिया एवं आवश्यकताओं के बारे में बताया।
प्रशिक्षण में जिला परियोजना प्रबंधक श्री प्रमोद दुसाने, विकासखंड के एमएफ प्वाइंट पर्सन सहित स्व-सहायता समूहों के सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में श्रीमती दीप्ति विरकर द्वारा आभार व्यक्त किया गया।




