संभाग आयुक्त श्री भास्कर लाक्षाकार ने जिले के भ्रमण के दौरान दीपा की चौकी स्थित वीरांगना रानी दुर्गावती शासकीय कन्या आश्रम शाला का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास की विभिन्न व्यवस्थाओं का अवलोकन कर विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संभाग आयुक्त ने मच्छरों से बचाव की व्यवस्था, विद्यार्थियों के कपड़ों की धुलाई, शौचालयों की स्वच्छता, कक्षाओं, पुस्तकालय, प्रकाश व्यवस्था तथा भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया। भोजन में उपयोग किए जा रहे चावल की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने भोजन एवं नाश्ते में ताजी सब्जियों सहित पौष्टिक एवं संतुलित आहार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही छात्रावास से संबंधित आवश्यक अभिलेखों का नियमित एवं व्यवस्थित संधारण सुनिश्चित करने को कहा।
संभाग आयुक्त श्री लाक्षाकार ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन के साथ खेलकूद एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छोटी छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए छात्रावास में वॉशिंग मशीन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधीक्षक को दिए।
उन्होंने विद्यार्थियों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने, पर्याप्त खेल सामग्री उपलब्ध कराने तथा उनके सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि छात्रावासों में विद्यार्थियों की सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं शिक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करते हुए आवश्यक सुधार सुनिश्चित किए जाएं।



