मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत पूर्व विधानसभा क्षेत्र में आज जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभिन्न शासकीय संस्थानों, स्वास्थ्य केंद्रों, स्कूल, तालाब, रसोई एवं आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान व्यवस्थाओं एवं जनसुविधाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
सांदीपनि स्कूल का निरीक्षण, विद्यार्थियों से किया संवाद
नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने अधारताल स्थित सांदीपनि स्कूल का निरीक्षण किया। उन्होंने स्कूल में उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं की जानकारी ली तथा आवश्यक कार्यों के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद भी किया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम पंकज मिश्रा तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक में स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा
इसके बाद महापौर श्री जगत बहादुर सिंह “ अन्नू ”, जेडीए अध्यक्ष श्री संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, नगर निगम आयुक्त श्री रामप्रकाश अहिरवार, भाजपा नगर अध्यक्ष श्री रत्नेश सोनकर एवं पार्षद श्रीमती अंजना अग्रहरि ने महर्षि महेश योगी वार्ड क्रमांक 57 स्थित मुख्यमंत्री संजीवनी क्लीनिक का निरीक्षण किया। उन्होंने क्लीनिक में प्रतिदिन आने वाली ओपीडी, एएनसी पंजीयन, साफ-सफाई की व्यवस्था एवं जनसुविधाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक निर्देश दिए।
चांदमारी की तलैया में साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण के निर्देश
जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने चांदमारी की तलैया का निरीक्षण किया। तलैया में गंदगी एवं साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही तलैया के सौंदर्यीकरण को लेकर भी चर्चा की गई। नगर निगम आयुक्त ने साफ-सफाई के बाद आसपास समतलीकरण कर पेवर ब्लॉक लगाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
सेफ नगर में पौधारोपण और सफाई कर्मचारियों का सम्मान
अभियान के अंतर्गत जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने अधारताल स्थित सेफ नगर उद्यान पहुंचकर वहां व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस उन्होंने दौरान उद्यान में पौधारोपण किया तथा सफाई कर्मचारियों को सम्मानित भी किया। अधिकारियों ने क्षेत्र में साफ-सफाई तथा अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
भानतलैया जोन कार्यालय का किया निरीक्षण, हितग्राहियों को दिए स्वीकृति पत्र
अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भानतलैया स्थित जोन कार्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पीएम स्वनिधि, पेंशन तथा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से हितग्राहियों को मिलने वाले लाभ की जानकारी अधिकारियों से ली। इस दौरान पीएम स्वनिधि योजना के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए तथा पेंशन हितग्राहियों को पेंशन का लाभ दिया गया।
मुख्यमंत्री आश्रय स्थल में व्यवस्थाओं का लिया जायजा
इसके बाद जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों का दल राजा गोकुलदास धर्मशाला स्थित मुख्यमंत्री आश्रय स्थल पहुंचा। यहां उन्होंने रसोई में बनने वाले भोजन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही आश्रय स्थल में यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी लेकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए।
दीन दयाल स्थित रसोई में नगर निगम आयुक्त श्री अहिरवार ने क्यूआर कोड स्कैन कर पांच रुपये थाली भोजन की व्यवस्था के तहत भुगतान किया। इसके बाद सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने एक साथ बैठकर भोजन किया और भोजन की गुणवत्ता भी परखी।
एल्गिन अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण
अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने रानी दुर्गावती चिकित्सालय एल्गिन अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों को लगाए जाने वाले टीकाकरण की जानकारी ली। इस दौरान अस्पताल में फायर सिस्टम को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने वार्ड में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही अस्पताल में प्रतिदिन होने वाली डिलीवरी तथा अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में अधिकारियों से जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए।





