आलीराजपुर, 01 अक्टूबर 2026। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन एवं मध्यप्रदेश स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी के संयुक्त संचालक श्री बलवीर जी मेहरा ने श्री कपिल श्रीवास्तव के साथ आलीराजपुर जिले का दो दिवसीय सघन दौरा किया।
इस दौरान संयुक्त संचालक श्री मेहरा ने जिला अस्पताल में सीएमएचओ डॉ. राजेश अतुलकर एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ. संतोष सोलंकी के साथ बैठक की। बैठक में मिशन एड्स सुरक्षा के अंतर्गत 95-95-99 लक्ष्यों को प्राप्त करने तथा एचआईवी/एड्स की समय पर पहचान, निरंतर उपचार और वायरल लोड नियंत्रण के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में टेस्टिंग और मरीजों की ट्रैकिंग बढ़ाने के निर्देश दिए।
साथ ही ओपीडी में आने वाले मरीजों, ट्रक चालकों, गर्भवती महिलाओं (एएनसी), रक्तदाताओं, सर्जरी कराने वाले मरीजों एवं उच्च जोखिम समूह के लोगों की नियमित जांच सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक संक्रमित व्यक्तियों की समय पर पहचान कर उन्हें उपचार से जोड़ा जा सके।
दौरे के अगले चरण में श्री मेहरा ने जीवन ज्योति हेल्थ सर्विस संस्था की लक्ष्यगत हस्तक्षेप परियोजना का निरीक्षण किया तथा संस्था के स्टाफ के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने संस्था द्वारा संचालित गतिविधियों एवं संबंधित दस्तावेजों का अवलोकन कर कार्यप्रणाली में आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एचआईवी/एड्स नियंत्रण के लिए व्यापक जनजागरूकता, समय पर जांच और उपचार से जोड़ना महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से आपसी समन्वय एवं पूरी लगन के साथ कार्य करते हुए अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर परियोजना संचालक, कार्यक्रम प्रबंधक सहित संस्था के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।



