सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के अंतर्गत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय लाल बहादुर शास्त्री जी की जन्म जयंती के अवसर पर पानसेमल विधानसभा क्षेत्र के निवाली नगर स्थित शासकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में क्षेत्र के लोकप्रिय जनसेवक विधायक श्री श्याम जी बरडे ने प्रदेश महामंत्री डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी जी के साथ सहभागिता करते हुए श्रमदान किया और स्वच्छता का संदेश दिया। इस अवसर पर विधायक श्री श्याम बरडे ने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान अब जन-जन का अभियान बन चुका है। स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति, संस्था अथवा प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

उन्होंने क्षेत्रवासियों से आह्वान किया कि अपने गांव, पंचायत और नगरों में स्वच्छता अभियानों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें। जल स्रोतों, सार्वजनिक भवनों एवं सार्वजनिक स्थानों की नियमित साफ-सफाई कर उन्हें स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में अपना योगदान दें। विधायक श्री बरडे ने कहा कि 12 वर्ष पूर्व आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में प्रारंभ हुआ स्वच्छ भारत मिशन आज जन-जन का संकल्प और देशव्यापी जनआंदोलन बन चुका है।

इस अभियान ने स्वच्छता को केवल व्यवस्था का विषय न रखते हुए नागरिक कर्तव्य और जीवन के संस्कार के रूप में स्थापित किया है। जब प्रत्येक व्यक्ति स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझकर आगे आएगा, तभी स्वच्छता का संकल्प वास्तव में साकार होगा। उन्होंने कहा कि आइए, स्वच्छता को अपनी आदत बनाएं और जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छ भारत, स्वस्थ मध्यप्रदेश एवं स्वच्छ पानसेमल के संकल्प को और अधिक मजबूत करें।

उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों से अपील की कि सेवा और स्वच्छता के इस अभियान को निरंतर आगे बढ़ाएं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी स्वच्छता अभियान में सहभागिता करते हुए श्रमदान किया तथा स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर श्री नरेन्द्र जी सिसोदिया, श्री अखिलेश जी सोनी, श्री श्याम पंडित, श्री कन्हैयालाल सिसोदिया, श्री विकास डावर, श्री बाबूदान चौहान, श्री कन्हैया धनगर, श्री ओकीराम चौहान, श्री भायला भाई सहित एसडीएम एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।