जिले के शिक्षित युवक-युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश डे-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से विकासखंड थांदला में 21 एवं 22 सितम्बर 2026 को रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जनपद पंचायत थांदला के सभागृह में आयोजित दो दिवसीय रोजगार मेले में क्षेत्र के 60 से अधिक शिक्षित युवक-युवतियों ने सहभागिता की।
रोजगार मेले में एचएसपीएल सिक्योरिटी इंडिया लिमिटेड, उदयपुर द्वारा अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई। इस दौरान अभ्यर्थियों की योग्यता एवं निर्धारित मापदंडों के आधार पर चयन प्रक्रिया पूर्ण करते हुए कुल 29 युवक-युवतियों का रोजगार के लिए चयन किया गया।
चयनित युवक-युवतियों को आगामी 04 अक्टूबर 2026 को कंपनी के उदयपुर स्थित प्रशिक्षण केंद्र पर उपस्थित होने के लिए निर्देशित किया गया है, जहां उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर जनपद पंचायत थांदला के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा चयनित युवक-युवतियों को जॉब ऑफर लेटर प्रदान किए गए तथा उन्हें रोजगार के इस अवसर का बेहतर उपयोग करते हुए अपने कार्यक्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।



