प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत वडनगर से वाराणसी तक जारी “सेवा यात्रा” कार्यक्रम के दौरान हरदा जिले में सेवा संकल्प बाइक राइडर्स से वर्चुअल माध्यम से संवाद किया। इस दौरान सेवा यात्रियों ने यात्रा के अनुभवों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से आए बदलावों की जानकारी प्रधानमंत्री के समक्ष साझा की।

संवाद के दौरान सेवा यात्रियों ने झाबुआ जिले के कालाखुट में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत हुए कार्यों का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि कालाखुट के एक फलिये में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 82 आवासों का निर्माण किया गया है। पक्के आवासों के निर्माण के बाद ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित कर उक्त फलिये का नाम ‘मोदी फलिया’ रखा गया है।

प्रधानमंत्री के साथ हुए संवाद में सेवा यात्रियों द्वारा झाबुआ जिले के ‘मोदी फलिया’ और प्रधानमंत्री आवास योजना के सफल क्रियान्वयन का उल्लेख किया जाना जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। प्रधानमंत्री के समक्ष जिले में जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और उससे आए सकारात्मक बदलावों की चर्चा जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों को योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी रूप से पहुंचाने के लिए निरंतर बेहतर कार्य करने हेतु प्रोत्साहित करती है।

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वडनगर से वाराणसी तक निकाली जा रही सेवा यात्रा के माध्यम से सेवा संकल्प बाइक राइडर्स विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उनसे लाभान्वित हितग्राहियों के अनुभवों को साझा कर रहे हैं।