पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, बड़वानी में विद्यार्थियों द्वारा प्रातःकालीन प्रार्थना सभा में स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत स्वच्छता एवं स्वच्छ जीवन शैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक संदेशपरक नाटक’ स्वच्छ जीवन: स्वच्छ धरती ‘ प्रस्तुत किया गया। यह कार्यक्रम विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य श्री कुंदन राठौर के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
प्रस्तुत नाटक में कचरा लेने वाले वाहन के रूप में तीसरी कक्षा की छात्रा प्रांजल, कचरा फैलाने वाले पड़ोसी क्षितिजा एवं दिव्यान्शी, पाउच फेंकने वाले नागरिक रिद्धि रावत, गाय के रूप में अबीर तथा श्रीकृष्ण की भूमिका छात्रा रिद्धवी जाधव ने निभाई।
श्रीकृष्ण के माध्यम से विद्यार्थियों ने एक भावपूर्ण संदेश प्रस्तुत करते हुए बताया कि जब श्रीकृष्ण स्वयं हमारे सामने आते हैं, तो हम उन्हें प्रेमपूर्वक लड्डू एवं विभिन्न प्रकार के व्यंजन खिलाते हैं; किंतु जब वही श्रीकृष्ण गाय अथवा अन्य पशु-पक्षियों के रूप में हमारे बीच उपस्थित होते हैं, तब हम उनके प्रति अपनी जिम्मेदारी भूल जाते हैं।
नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जब पशु-पक्षी हमारे द्वारा खुले में फेंकी गई पॉलिथीन एवं अन्य कचरा खाते हैं, तो वे भी उसी ईश्वर के स्वरूप हैं। अतः पशु-पक्षियों को कचरे से बचाना और अपने आसपास गंदगी न फैलाना हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है।
नाटक में व्यक्तिगत स्वच्छता, विद्यालय एवं आसपास के परिसर को स्वच्छ रखने, कचरे को इधर-उधर न फेंकने तथा पॉलिथीन के उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों को भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने अपने अभिनय एवं संवादों के माध्यम से यह संदेश दिया कि स्वच्छता केवल स्वयं तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रकृति, पशु-पक्षियों और पूरे समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी है।
इस गतिविधि का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता, जिम्मेदारी की भावना, करुणा एवं पर्यावरण संरक्षण की भावना विकसित करना तथा उन्हें स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना था। विद्यार्थियों की प्रभावशाली प्रस्तुति ने “स्वच्छता ही सेवा है” के संदेश को सार्थक रूप से प्रस्तुत किया। मंच निर्देशन तीसरी कक्षा के कक्षाध्यापक हिमांशु चौहान ने किया।




