पनागर विधायक श्री सुशील तिवारी इंदु के मुख्य आतिथ्य में ग्राम सालीवाड़ा गौर में सेवा संकल्प अभियान के तहत “ सेवा सेतु ” सरकार आपके द्वार कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा मुकेश गोटिया, जनपद अध्यक्ष चंद्र किरण गोस्वामी, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक गहलोत, एसडीएम श्रीमती कलावती ब्यारे और जनपद सीईओ श्री विनोद पांडे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री तिवारी ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को सीधे नागरिकों के घर तक पहुंचाना है, ताकि लोगों को जनपद, तहसील या जिला मुख्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि वे पेंशन, आवास, राशन, राजस्व, कृषि, बैंक और स्वास्थ्य जैसी अपनी समस्याओं को बिना झिझक अधिकारियों के सामने रखें और उनका त्वरित समाधान कराएं। इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वास्थ्य जागरूकता संदेश का उल्लेख करते हुए आयोजित स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ उठाने की बात कही। विधायक ने मातृशक्ति को आर्थिक गतिविधियों से जुड़ने और महिला सशक्तिकरण व स्व-सहायता समूह की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आशा मुकेश गोटिया ने कहा कि जनहित और पंचायतों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाशाली छात्राओं को बधाई देते हुए उन्हें स्कूटी प्रदान की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक गहलोत ने बताया कि ' सेवा सेतु ' के माध्यम से सरकार स्वयं जनता के द्वार पर आई है, जिससे ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की जानकारी और सेवाएं एक ही स्थान पर मिल रही हैं। आयोजन स्थल पर 18 प्रमुख सरकारी विभागों की प्रदर्शनियों के स्टॉल लगाए गए थे, जहाँ अधिकारियों ने नागरिकों को कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और अन्य विभागीय योजनाओं व नई तकनीकों की जानकारी प्रदान की। अतिथियों ने इन स्टॉलों का अवलोकन किया और पात्र हितग्राहियों को पेंशन स्वीकृति पत्र, जाति प्रमाण पत्र, पुस्तकें, पोषण डलिया और मेधावी छात्राओं को स्कूटी वितरित कर योजना का सीधा लाभ प्रदान किया।