जिला मुख्यालय पर मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान एवं अपर कलेक्टर श्री सी.एस. सोलंकी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों की समस्याएं एवं शिकायतें गंभीरतापूर्वक सुनीं। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 45 आवेदन प्राप्त हुए। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आवेदनों की वास्तविक स्थिति का परीक्षण करते हुए पात्रतानुसार गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में ग्राम कुशलपुरा, श्रीनाथ कॉलोनी के पीछे झाबुआ निवासी श्री रणजीत पिता स्व. तोलसिंह भूरिया ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि उनके मकान एवं खेत तक आने-जाने के लिए पिछले कई वर्षों से उपयोग किए जा रहे एकमात्र रास्ते को विपक्षीगण द्वारा बंद कर दिया गया है। इससे उनके सहित लगभग 11 परिवारों को आवागमन में परेशानी हो रही है। उन्होंने मामले की जांच कर रास्ता खुलवाए जाने का अनुरोध किया।

ग्राम चूलिया छोटी के गोवाल फलिया, तहसील रामा के ग्रामीणों ने फलिये में विद्युत सुविधा उपलब्ध नहीं होने की समस्या से अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि विद्युत सुविधा के अभाव में फलिये में निवासरत परिवारों को विभिन्न कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विद्युत डी.पी. स्थापित कर विद्युत सुविधा उपलब्ध कराने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया।

ग्राम ढोकरवानी, तहसील झाबुआ निवासी श्री जामसिंह पिता केशिया चरपोटा ने आवास योजना से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि आवास योजना में पात्र होने के बावजूद उनका नाम अपात्र श्रेणी में कर दिया गया है। उन्होंने प्रकरण की जांच कर पात्रतानुसार आवास योजना का लाभ प्रदान किए जाने का अनुरोध किया।

ग्राम ठिकरिया, ग्राम पंचायत करड़ावद, तहसील पेटलावद निवासी श्रीमती भेरकीबाई पति धन्ना मैड़ा ने अपने घर के आंगन में स्थापित विद्युत डी.पी. को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि डी.पी. उनकी अनुमति के बिना स्थापित की गई है तथा इससे दुर्घटना एवं जनहानि की आशंका बनी हुई है। उन्होंने डी.पी. को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किए जाने की मांग की।

ग्राम नवागांव, तहसील झाबुआ निवासी श्रीमती सुमित्रा पति दुबलिया भूरिया एवं श्रीमती पिंकी पति मुकेश भूरिया ने निजी भूमि से संबंधित शिकायत प्रस्तुत की। उन्होंने विपक्षीगण द्वारा रात्रि के समय ट्रैक्टर से निजी भूमि जोतने तथा धमकी दिए जाने की शिकायत करते हुए प्रकरण में आवश्यक जांच एवं कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया।

इसी प्रकार ग्राम झकनावदा एवं झोसरपाड़ा के ग्रामीण किसानों ने आवागमन की समस्या को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। किसानों ने बताया कि ग्राम झकनावदा के श्मशान घाट से मधुकन्या नदी होकर झोसरपाड़ा एवं आसपास के क्षेत्रों में जाने वाले मार्ग का उपयोग 100 से अधिक किसान अपने खेतों तक पहुंचने के लिए करते थे। माही डेम निर्माण के बाद नदी में पानी भरा रहने के कारण यह मार्ग बाधित हो गया है, जिससे किसानों को खेती-किसानी के कार्यों के लिए खेतों तक पहुंचने में कठिनाई हो रही है। ग्रामीणों ने आवागमन सुगम बनाने के लिए उक्त स्थान पर पुलिया निर्माण की मांग की।

जनसुनवाई में प्राप्त अन्य आवेदनों को भी संबंधित विभागों को आवश्यक परीक्षण एवं नियमानुसार कार्रवाई के लिए प्रेषित किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।